
लातेहार।झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने गुरुवार को मंडल कारा, लातेहार का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव सहित बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्य शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान कारा की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध सुविधाएं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से जांच की गई। अधिकारियों ने प्रत्येक बैरक का दौरा कर बंदियों से उनकी स्थिति, मुकदमों की पैरवी के लिए अधिवक्ता की उपलब्धता, शिक्षा की इच्छा और स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
बंदियों से जातिगत भेदभाव के विषय में भी पूछताछ की गई, जिस पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल में सभी के साथ समान व्यवहार होता है। इस अवसर पर न्यायाधीश श्री सिंह ने पढ़ाई करने के इच्छुक कैदियों को शिक्षा की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया और जेल प्रशासन को जेल मैनुअल के तहत सभी सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने जेल में स्कैनर के समुचित उपयोग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बंदियों को अदालत में पेश करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण दल में अपर समाहर्ता रामा रविदास, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव शिवम चैरेसिया, प्रभारी न्यायाधीश उत्कर्ष जैन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।



