Headlines

दुर्गा पूजा से पहले सफाई अभियान तेज, राँची नगर निगम प्रशासक का औचक निरीक्षण

राँची। नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने रविवार को शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण ‘सफाई तो होकर रहेगी 4.0’ अभियान के तहत किया गया ताकि दुर्गा पूजा से पहले स्वच्छ शहर और बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हरमू मिनी ट्रांसफर स्टेशन का जायजा लिया और खराब वाहनों को या तो तुरंत दुरुस्त करने या स्क्रैप करने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर के सौंदर्यीकरण और नियमित सफाई पर भी जोर दिया।

सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए बाहर QR कोड लगाने के निर्देश दिए ताकि लोग शिकायतें दर्ज कर सकें। पूजा पंडाल स्थलों – हरमू पंच मंदिर और बकरी बाजार – पर अतिक्रमण हटाने, नालों पर स्लैब लगाने और समतलीकरण का आदेश दिया गया।

इसके अलावा विवेकानंद पार्क, कोकर तालाब और डिस्टलरी वेंडिंग जोन का भी निरीक्षण किया गया। यहाँ सफाई, डस्टबिन, रोशनी और पेयजल सुविधाओं को दुरुस्त करने को कहा गया।

प्रशासक ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य एक स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल शहर बनाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कचरे को स्रोत पर अलग-अलग जमा करें, प्रतिष्ठानों पर दो डस्टबिन रखें और नियमों का पालन करें। उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Don`t copy text!