सीआरपीएफ ई-172 बटालियन का कौशल प्रशिक्षण समापन, सिलाई मशीन व इलेक्ट्रिशियन किट वितरण

बरवाडीह । ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सीआरपीएफ की ई-172 बटालियन द्वारा आयोजित एक माह का कौशल प्रशिक्षण शिविर शनिवार को मोरवाई पंचायत के मंडल स्थित सीआरपीएफ कैंप परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रशिक्षित युवतियों को सिलाई मशीन तथा युवकों को इलेक्ट्रिशियन किट के साथ प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट अजय कुमार वर्मा ने कहा कि कौशल ही असली ताकत है। जब युवा हुनर से लैस होते हैं तो वे न केवल आत्मनिर्भर बनते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी भागीदार बनते हैं। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ केवल सुरक्षा दायित्व तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने का कार्य भी कर रही है।

सहायक कमांडेंट दीपक चंद्र ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों से होने वाले पलायन को रोकना और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सिलाई एवं विद्युत कार्य की बारीकियां सीखी हैं, जिससे वे अपने गांव में ही स्वरोजगार शुरू कर सकेंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उपकरण उपलब्ध कराना इस योजना की विशेष उपलब्धि रही। सांसद प्रतिनिधि दीपक राज और मुखिया आशीष सिंह ने सुरक्षा बलों की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षित युवाओं ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया। इस अवसर पर इंस्पेक्टर श्रीनिवास दुबे, इंस्पेक्टर एसएन यादव, एएसआई राकेश सिंह, पीएन सिंह, हवलदार धनंजय सिंह चौहान, अमोल डोंगरे, गुरुदेव एवं एसआई संतोष सिंह सहित बटालियन के कई अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।




