खेल स्टेडियम और डे-बोर्डिंग केंद्र की कराई जाएगी स्थापना : विजय बहादुर सिंह
- स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने की घोषणा, समापन समारोह में जुटे गणमान्य

बरवाडीह।प्रखंड के मंगरा पंचायत अंतर्गत अमडीहा खेल मैदान में नवयुवक संघ फुटबॉल क्लब द्वारा आयोजित बालक-बालिका वर्ग फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन शनिवार देर शाम हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में यूथ कांग्रेस प्रदेश समन्वयक विजय बहादुर सिंह, जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, मुखिया बिपिन बिहारी सिंह और पंचायत समिति सदस्य पूनम देवी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फाइनल मुकाबले में बालक वर्ग का खेल कल्याणपुर और उकामाड़ के बीच रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के बाद परिणाम पेनल्टी शूटआउट से तय हुआ, जिसमें कल्याणपुर की टीम ने 4-3 से जीत दर्ज की। वहीं बालिका वर्ग में लातेहार की कुजूर सिस्टर ने हेसला टीम को 2-1 से मात देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों के साथ-साथ तीसरे स्थान पर रही टीमों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान यूथ कांग्रेस प्रदेश समन्वयक विजय बहादुर सिंह ने कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए जल्द ही प्रखंड में खेल स्टेडियम और डे-बोर्डिंग केंद्र की स्थापना की जाएगी, जिससे युवाओं को बड़ा मंच मिलेगा।
जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने कहा कि प्रखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हमारे खिलाड़ी राज्य स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं और भविष्य में भी करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन नवयुवक संघ अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह चेरो एवं उनकी टीम ने किया। मौके पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।



